जालौन-उरई। जल संस्थान की लापरवाही के कारण एक ही दिन में आधा दर्जन स्थानों पर पाइप लाइन लीकेज हो गई। जिसके कारण कई मोहल्लों की जलापूर्ति प्रभावित रही। विभाग लोगों को राहत देने के सार्थक प्रयास करने की बजाय कर्मचारियों तथा सामान की कमी का रोना रोने में लगा है।
गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ गई है ऐसे में पर्याप्त पानी न मिलने से लोगों को परेशानी होती है। मामला चुर्खी रोड स्थित जल संस्थान की पाइप लाइन का है। जहां पर पंप आपरेटर द्वारा पानी का प्रेशर बढ़ा दिये जाने से पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज हो गये हैं। नलकूप परिसर में ही एक लीकेज था जिसके कारण पंप न चल पाने से यह लीकेज तो बाद में ठीक करा दिया गया किंतु चंदा छाया उत्सव गृह के पास, अलखवीर के मकान के पास, रिलायंस टावर के पास, बब्बू गुर्जर सरसई वालों के मकान के पास और राजू मास्टर के घर के पास मोहल्ला जोशियाना में जो लीकेज हैं। उन्हें ठीक कराने पर जल संस्थान का कोई ध्यान नही है।
इन लीकजों के कारण मोहल्ला जोशियाना, चौधरयना, फर्दनवीस, चुर्खीवाल, भवानीराम आदि मोहल्लों में लोगों के घर में पर्याप्त पानी नही पहुंच पा रहा है। इस संदर्भ में अवर अभियंता हरिकेश पटेल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नई पाइप लाइन बिछाने का स्टीमेट तैयार कराकर भेज दिया गया है। फिलहाल रिपेयरिंग के लिए सामान व कर्मचारियों की कमी है जिससे लीकेज ठीक कराने में समय लग रहा है।

Leave a comment