जालौन-उरई। छह दिन पूर्व करंट लगने से झुलसे लाइनमैन की उपचार के दौरान मंगलवार की रात को मौत हो गई। जैसे ही यह खबर उसके घर पहुंची परिवार को लोगों में कोहराम मच गया।
उदोतपुरा निवासी लाइनमैन दिलीप कुमार (30वर्ष) पुत्र रामप्रकाश को गत सप्ताह गुरुवार को दोपहर में हाईटेंशन लाइन को ठीक करते समय करंट लग गया था जिससे वह बुरी तरह झुलस गया था। उसका उपचार कानपुर के एक प्राइवेट चिकित्सालय में चल रहा था। जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे लाइनमैन ने मंगलवार को चिकित्सालय में अंतिम सांस ली।
युवक की मौत की खबर घर पर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पांच दिन तक चिकित्सालय में उपचार चलने के कारण परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि वह ठीक होकर लौटेगा। लेकिन उसकी मौत ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अपने घर में माता-पिता की मौत के बाद परिवार का सहारा सिर्फ दिलीप था। उसकी मौत के बाद पत्नी आराधना तथा तीन मासूम बच्चे छह वर्षीय मोनू, चार वर्षीय रानू तथा ढाई वर्ष के छोटू के सिर से परवरिश करने वाला मजबूत हाथ उठ गया है।






Leave a comment