कोंच-उरई । एक तरफ सड़कों की मरम्मत करा कर जनता को सुविधायें उपलब्ध कराने का दावा करती है सरकार और दूसरी तरफ उसकी मशीनरी उन सुविधाओं में गांठें लगाने पर आमादा है। करोड़ों की लागत से बने कोंच परैथा कैनाल संपर्क मार्ग के बीचों बीच घुसिया पुल और उरई रोड स्थित एट मोड़ के पास चीरा लगा कर उस सड़क पर वाहनों के चलने को बंद कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में आखिर कैसे चलें वाहन, इस सवाल का माकूल जबाब किसी के पास नहीं है। सरकार का यह भी दावा है कि उसने ओवरलोडिंग पर लगाम लगाई है, लेकिन लोक निर्माण विभाग इस सड़क के बंद होने के पीछे ओवरलोडिंग कारण गिना रहा है। स्थानीय प्रशासन इस तरह का कोई प्रतिबंध आवागमन पर लगाने की बात को ‘संज्ञान में नहीं हैÓ कह कर टरकाने की कोशिश कर रहा है।

मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्य मंत्री केशवप्रसाद मौर्य के नेतृत्व तथा सांसद भानुप्रताप वर्मा व विधायक मूलचंद्र निरंजन के सहयोग से कोंच परैथा कैनाल संपर्क मार्ग का सुधार किया गया है जिसके बोर्ड भी सड़क के किनारे सरकार की अच्छी मंशा दर्शाने का काम कर रहे हैं, लेकिन इस सड़क पर फिलहाल वाहनों का चलना दुष्कर है क्योंकि आधी सड़क चीरे लगाने से बंद है और दूसरी साइड में गहरी नहर। वाहन चालक जरा भी चूका नहीं कि सीधा नहर में ही जायेगा। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि उक्त सड़क पर ओवरलोड वाहन निकलते हैं जिससे सड़क उखड़ रही है लिहाजा इस पर बड़े ओवरलोड वाहनों को नहीं आने जाने देने के लिये चीरे लगाये गये हैं। अब इसका अनुमान लगा पाना मुश्किल है कि सरकार का ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने का दावा झूठा है या कि सरकारी मशीनरी की ओवरलोडिंग की स्वीकारोक्ति। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी अवनेशकुमार का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क उखड़ रही है जिसके चलते सड़क में बाधायें खड़ी करनी पड़ी हैं। बहरहाल, इन दोनों पाटों के बीच पिस तो जनता ही रही है। यहां यह बताना भी समीचीन है कि कोंच नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिये ‘नो इंट्रीÓ व्यवस्था लागू की गई है जिसके तहत बड़े वाहनों के आवागमन के लिये इसी कोंच परैथा कैनाल संपर्क मार्ग का उपयोग किया जाता है। बाधायें खड़ी होने के बाद कैसे इस सड़क का उपयोग जनता के लिये हितकर होगा, यह बड़ा सवाल है।

 

इंसेट में-

फोटो-कोंच6-उखड़ी पड़ी सड़क

कहीं गुणवत्ता पर तो नहीं डाला जा रहा है पर्दा?

कोंच। कोंच परैथा कैनाल पर बाधायें खड़ी के पीछे बाकई ओवरलोडिंग कारण है या कि इस सड़क की तार तार गुणवत्ता पर पर्दा डालने के लिये यह व्यूह रचना की गई है। विभागीय स्तर से मिली जानकारी के मुताबिक इस सड़क के निर्माण या मरम्मत पर 59.33 लाख रुपये की भारी भरकम लागत आई है और सड़क यथावत् बनी रहने के लिये दो बर्ष की गारंटी में है लेकिन इसे बने अभी महज दो ही महीने हुये हैं और कई जगहों पर सड़क उखड़ कर खुद ही अपनी गुणवत्ता बयान करने लगी है। ऐसे में अनुमान लगाना ज्यादा कठिन नहीं है कि सड़क की गुणवत्ता ढांकने के लिये ठेकेदार और विभाग के काकस में जरूर ही दुरभि संधि हुई है।

 

इंसेट में-

फोटो-कोंच7-एसडीएम सुरेश सोनी

मामला मेरे संज्ञान में नहीं है-एसडीएम

कोंच। कोंच परैथा कैनाल संपर्क मार्ग में दो तरफ से बाधायें खड़ी करने की बात को लेकर जब स्थानीय प्रशासन से पूछा गया तो अनभिज्ञता जताई गई। एसडीएम सुरेश सोनी ने कहा है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है, वह इसकी जांच करायेंगे। जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा है कि मार्ग अवरुद्घ नहीं होने दिया जायेगा।

 

One response to “जनता के लिये बनी सड़क आखिर किसके आदेश पर हुई बंद,ओवरलोडिंग का बहाना बना कर बंद की गई है सड़क”

  1. अंकित रावत Avatar
    अंकित रावत

    क्योंकि सड़क का निर्माण बहुत ही खटिया हुआ है , ओर अभी पेमेंट भी नही हुआ और उसके पहले ही सड़क धसने लगी ।। #घोटाला

    Like

Leave a comment