उरई। नगर पालिका परिषद जालौन में स्थाई अवर अभियंता की नियुक्ति होने के बाद भी अन्य विभागों के दो और अवर अभियंता काम कर रहे हैं। एक कार्यालय में तीन जेई होने के कारण उनमें असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
प्रदेश सरकार से स्थानांतरित होकर विकास प्राधिकरण आगरा से आये अवर अभियंता अरुण कुमार ने नगर पालिका परिषद में गत 22 फरवरी को अपना दायित्व संभाल लिया था। उन्हें आये हुए तीन महीने होने को हैं इसके बाद भी नगर में दो अन्य विभागों के अवर अभियंता काम देख रहे हैं।
नगर पालिका कार्यालय में तीन जेई होने के कारण ऊहापोह की हालत बनी हुई है। नगर में निर्माण कार्यों को अन्य विभागों की निगरानी में कराया जा रहा है जिसमे गुणवत्ता की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नगर पालिका में स्थाई जेई होने के बाद भी संबद्ध अन्य विभागों के जेई एमवी बनाकर भुगतान करवा रहे हैं।
आगरा विकास प्राधिकरण से स्थानांतरित होकर आये जेई ने अपने पूरे अधिकारी प्राप्त करने के लिए नगर पालिकाध्यक्ष तथा ईओ को पत्र देकर गुजारिश की थी। इसके बाद भी उन्हें अभी तक दायित्व नही मिला है। इस संदर्भ में नगर पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता से बात की गई तो उनकी सफाई थी कि पूर्व से चल रहे कामों की वजह से उनमें अन्य विभागों के जेई की सेवाएं लेनी पड़ रही थीं किंतु अब सिर्फ अरुण कुमार ही काम देख रहे हैं।

Leave a comment