उरई। रविवार को शाक्यवार, कोरी जन कल्याण समिति द्वारा समाज की 18 कन्याओं का सामूहिक विवाह जालौन रोड स्थित जमुना पैलेस में पूरी धूमधाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व सांसद डा. घनश्याम अनुरागी ने उपस्थित होकर नये जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की। बाद में सांसद भानुप्रताप वर्मा भी नये जोड़ों को आशीर्वाद देने कार्यक्रम में पहुंचे।
पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों का गौरवमय इतिहास रहा है। हर क्षेत्र में हमारे पूर्वजों ने कीर्तिमान स्थापित किये हैं। समाज में भगवान गौतम बुद्ध, संत कबीर, वीरांगना झलकारी बाई, ऊधम सिंह, हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ऐसे महान सपूत पैदा हुए। हमारे समाज के लोगों ने साधु संत महापुरुषों ने देश की और समाज की सेवा करने का काम किया है। जन्म से लेकर मृत्यु तक हमने मानव समाज की सेवा की है। बच्चा जब जन्म लेता है तब उसको तन ढकने के लिए कपड़े की आवश्यकता होती है और पूरे जीवन मनुष्य का तन हमारे आविष्कार कपड़े से ढका होता है। मरते समय भी मनुष्य के साथ कोई धन-संपत्ति नहीं जाती केवल कोरी का कोरा कपड़ा ही अंतिम संस्कार होता है।
सांसद भानु प्रताप वर्मा ने भी समाज के लोगों को उनका गौरव याद दिलाया। उन्होंने सामूहिक विवाह की परंपरा को शादियों में फिजूलखर्ची रोकने के दृष्टिकोण से अनुपमेय करार दिया। आयोजन समिति ने विवाह और भोजन की व्यवस्था करने के साथ-साथ प्रत्येक जोड़े के लिए नई गृहस्थी में उपयोगी सभी सामान पूरी गुणवत्ता युक्त देने की भी व्यवस्था की थी।

Leave a comment