उरई। कालपी में नेशनल हाइवे पर हर समय लगने वाले जाम की भीषण समस्या के निदान के लिए रविवार को गणमान्यों ने एक प्रभावी पहल की। जिसके परिपे्रक्ष्य में सुबह लगभग 10 बजे सेवा समिति विद्यालय में एक बैठक संपन्न हुई। भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश चंद्र तिवारी ने इसकी अध्यक्षता की। जबकि संचालन हाफिज इरशाद अशर्फी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन उपस्थित रहे। नगर की सभी राजनैतिक तथा धार्मिक हस्तियों ने इसमें हिस्सेदारी की।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि अतिशीघ्र समस्या का निदान हो। इसके लिए उनकी मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के स्तर पर वार्ता हुई है। आशा है कि इसके सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आयेगें।
आज की बैठक में 27 जून को किला घाट स्थित विश्रामग्रह में पुनः बैठक आयोजित करने का फैसला लिया गया। इसमें जिले के सभी जिम्मेदार अधिकारी भाग लेगें। आटा टोल प्लाजा का विरोध किया जायेगा। सड़क के शीघ्र निर्माण के लिए किला घाट से मंडी समिति तक मानव श्रंखला बनाकर रैली निकाली जायेगी।
इस मौके पर भारत सिंह यादव सभासद, जगत यादव, कालीचरण, विजय गांधी, बल्लू हासमी, पूर्व चेयरमैन कमर अहमद, दीपक धवन, नरेश विश्नोई और इरशाद आदि भी उपस्थित रहे।

Leave a comment