
कोंच-उरई । कानपुर में जहरीली शराब पीकर हुई मौतों का असर कोंच में भी दिखा, पुलिस प्रशासन ने शराब ठेकों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया लेकिन फिलहाल उसे कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। कोतवाली पुलिस ने लगभग आधा दर्जन दुकानें चेक की और स्टाक रजिस्टर से दुकान में मौजूद स्टाक का मिलान किया। इसके अलावा यह भी देखा गया कि दुकानों में बिक्री के लिये अबैध शराब का भंडारण तो नहीं किया गया है। इधर, चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को एक पेटी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है, उक्त व्यक्ति अबैध रूप से बेचने के लिये शराब ले जा रहा था।
कानपुर में कल जहरीली शराब पीने से कई जानें चलीं गईं हैं जबकि कई जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष अभी भी कर रहे हैं। इस कांड के बाद सूबे में शराब को लेकर अलर्ट जैसी स्थिति है और पुलिस बाकायदा अभियान छेड़ चुकी है। एसपी अमरेन्द्रप्रसाद सिंह के निर्देश पर रविवार को कोतवाल विनोदकुमार मिश्रा दल बल के साथ निकले और देसी विदेशी मदिरा की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने कमोवेश आधा दर्जन दुकानों का निरीक्षण किया जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस ने दुकान में शराब का स्टाक चेक किया और फिर अभिलेखों से उसका मिलान किया जो ठीक ठाक पाया गया। फिलहाल कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। इसी बीच ग्राम पनयारा के समीप उन्होंने एक व्यक्ति मनोजकुमार पुत्र लखनलाल निवासी दबोह मप्र को शराब की एक पेटी के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाल के मुताबिक ये शराब अबैध रूप से गांव में बेचने के लिये ले जाई जा रही थी।







Leave a comment