जालौन।-उरई ग्रामीण अंचल में अबैध रूप से मिट्टी का खनन करते हुए जेसीबी सहित एक युवक को एसडीएम ने पकड़ा। एसडीएम ने जेसीबी सहित युवक को पकड़कर थाने में बंद कराया।
नगर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में भी अवैध मिट्टी खनन का कारोबार चल रहा है। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए अपने खेत से मिट्टी निकालने पर रायल्टी को मुक्त किए जाने के निर्णय का खनन विभाग व मिट्टी माफिया अपने मन से व्याख्या कर अवैध खनन कराने में जुटे हैं। इस आशय की खबरें प्रकाशित होने पर प्रशासन ने सख्त रूख अख्तियार कर लिया है। तहसील क्षेत्र के ग्राम करहिया व खरका में अवैध रूप से मिट्टी माफिया जेसीबी लगाकर मिट्टी का अवैध खनन करा रहे थे। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने एसडीएम भैरपाल सिंह को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम तुरंत मौके पर पहुंचे। जहां ग्राम करहिया में जेसीबी से अवैध रूप से मिट्टी खनन किया जा रहा था। एसडीएम के मौके पर पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। मौके पर से मिट्टी खनन में लिप्त कई लोग भाग निकले। वहीं, एसडीएम व सिरसा कलार पुलिस ने मौके से जेसीबी सहित एक व्यक्ति को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। पूछतांछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम गब्बर सिंह खरका बताया। वहीं, एसडीएम ने जेसीबी सहित पकड़े गए युवक को सिरसा कलार थाने में बंद कराया।







Leave a comment