उरई। रमजान माह में रोजेदारों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए विद्युत, पानी तथा सफाई की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उक्त बात जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित रमजान महीने में सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित कराने हेतु बैठक में अधिकारियों से कही।
उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र माह में रोजेदारों को विद्युत पेयजल, सफाई व्यवस्था चौकस रहे। इसके लिए विद्युत विभाग सुनिश्चित करेगा कि ईदगाहों, मस्ज़िदों के आस-पास जो विद्युत खम्भे लगे है उन पर जो तार लगे है वह ढीले तो नहीं है यदि ऐसा है और दुर्घटना की सम्भावना हो तो उसे तत्काल ठीक कराया जाये और सुबह सहरी तथा सायं रोजा अफ्तार के समय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। इसी तरह जल निगम एवं जल संस्थान हैण्डपम्प, पेयजल पाइप लाइनों से पेयजल आपूर्ति कराना सुनिश्चित करें। जहां पानी की दिक्कत हो वहां टैंकरों से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। नगर पालिकायें अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई की उत्तम व्यवस्था करते हुए प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें। जानवरों के अन्ना विचरण पर भी पाबंदी लगवायें।
पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि समस्त क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्रों में स्थित मस्जिदो, ईदगाहों का भ्रमण प्रातः 4-5 बजे प्रतिदिन पुलिस जवानों के साथ करें। जिससे यह सुनिश्चित किया जाता रहे कि कोई कहीं आपत्तिजनक सामग्री तो किसी अराजक तत्व द्वारा नहीं डाली गई। अराजकतत्वों एवं अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ 107-16 की कार्यवाही भी अमल में लायें। जनपद में 12 ईदगाह तथा 104 मस्जिदें स्थित है। इन सब का निरीक्षण करते रहें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पीके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी उरई विकास कश्यप, कालपी सतीशचन्द्र, जालौन भैरपाल सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सागर क्षेत्राधिकारी उरई संतोष कुमार सहित अन्य सीओ एवं विद्युत, जल निगम, जल संस्थान के अधिकारी एवं नगर पालिका परिषद के ईओ उपस्थित रहें ।

Leave a comment