उरई। दहशतगर्द विधायकों को धमकी भरे मैसेज भेजने की रणनीति से पूरे प्रदेश में अफरा-तफरी का माहौल पैदा करने में कामयाब हुए हैं। जिले में कालपी के विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन के बाद माधौगढ़ के विधायक मूलचंद निरंजन को भी ऐसा ही एक मैसेज मिला। मूलचंद निरंजन इस समय लखनऊ में हैं। मैसेज पढ़ने के बाद वे तत्काल पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के सामने पहुंच गये।
रंगदारी वसूलने के लिए भाजपा के विधायकों को एक ही नाम से थोक में व्हाटसएप मैसेज भेजे जा रहे हैं। मकसद प्रदेश को दहशत के गर्त में धकेलना है। आरंभिक तौर पर इसमें खुराफातियों को कामयाबी मिलती दिखाई दे रही है। हालांकि पुलिस की तत्पर छानबीन से मैसेज भेजने वाले गिरोह के सूत्र ढूंढ़ लिये गये हैं। इसके तार दाऊद गिरोह से जुड़े पाये गये हैं। इसके पीछे किसी बड़ी साजिश का अंदेशा भी जताया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में सीमा पर पाकिस्तान ने जिस तरह अघोषित युद्ध जैसा माहौल पिछले कुछ दिनों से भारी गोलाबारी के जरिये बना रखा है उसी के बीच इस साजिश की इबारत को बांचा जा रहा है। इसलिए इस विधायकों की धमकी के मामले में बहुत दूर तक के इरादों को भांपने की छानबीन चल रही है।







Leave a comment