उरई। भारतीय रिपब्लिकन पार्टी ने आज लोडर चोरी के मामले में पुलिस पर तमाम आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब है कि मोहल्ला गोपालगंज निवासी पंकज अवस्थी ड्राइवरी करता है। उसने अपनी पत्नी प्रतिभा के नाम से गृहस्थी चलाने के लिए बुलेरो लोडर खरीदा था। जो गत वर्ष 22 अगस्त को चोरी हो गया। पंकज ने इसका मुकदमा दर्ज कराया। बाद में व्यक्तिगत प्रयासों से उन्होंने चोरों के नाम पता कर लिए। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद भी छोड़ दिया। पुलिस के इस अन्याय के खिलाफ पंकज और उनका पूरा घर जब धरने पर बैठ गया तब अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और चोर दोबारा पकड़कर उनसे कड़ाई से पूंछतांछ की गई। इसमें छह लोगों के नाम उजागर हुए। पता चला कि पंकज की बुलेरो टुकड़े-टुकड़े करके बेच दी गई थी। इसमें कीमती पुर्जे पुलिस आज तक बरामद नही कर सकी है। इसके अलावा चार चोर भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पंकज और उसकी पत्नी प्रतिभा इस क्षति से दाने-दाने को मोहताज हो गये हैं। उन्होंने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर गरीब परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन देने वालो में मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार अहिरवार और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a comment