
कोंच-उरई । विकास खंड नदीगांव में आदर्श विद्यालय की पांत में खड़े पूर्व माध्यमिक विद्यालय धंजा में बाउंड्रीवॉल टूटी होने के कारण असुरक्षा का जो वातावरण बना हुआ था उसकी तरफ अधिकारियों के ध्यान नहीं देने के बाद प्रधानाध्यापक रामशंकर छानी ने स्वयं पहल करते हुये तार फेंसिंग खुद ही करा डाली। प्रधानाध्यापक के इस कार्य की खंड शिक्षा अधिकारी विजय बहादुर सचान ने जम कर तारीफ करते हुये कहा कि यदि हर शिक्षक में अपने विद्यालय और छात्रों के प्रति इसी तरह का समर्पण भाव हो तो शिक्षा को निश्चित रूप से नये आयाम मिलेंगे। विद्यालय में योग भी कराया जाता है जिससे बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रह सके।
बताते चलें कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय धंजा में कुल छात्र संख्या123 है जिसमें 52 छात्रायें भी हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामशंकर छानी ने कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया कि उनके विद्यालय में बाउंड्री न होने के कारण असुरक्षा एवं भय का वातावरण रहता है क्योंकि विद्यालय गांव के बाहर है जहां से चारों तरफ खेत ही खेत दिखाई देते हैं और कभी भी किसी अनहोनी की आशंका सदैव ही बनी रहती है। कई दफा अधिकारियों के संज्ञान में डालने के बाद भी जब विभागीय स्तर से इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया तो प्रधानाध्यापक छानी ने अभिनव पहल करते हुये अपने निजी पैसे से लगभग दो सौ मीटर तार फेंसिंग करा कर एक मिसाल कायम की और विद्यालय को सुरक्षा आवरण प्रदान किया। खास बात यह है कि उन्होंने अपने स्टाफ देवेन्द्रसिंह, रामेन्द्रसिंह, ऋषिकुमार, जितेन्द्रकुमार के सहयोग से यह सारा कार्य श्रमदान करके किया है। छानी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष जुलाई में दर्जनों पेड़ पौधे विद्यालय परिसर में लगाते हैं लेकिन बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण मई जून के अवकाश के बाद जुलाई में विद्यालय आने पर सारे पेड़ पौधे नष्ट हुए मिलते थे। उनका कहना है कि यदि विद्यालय में सरकार द्वारा बाउंड्री बनवा दी जाये तो निश्चित ही बच्चियां एवं पेड़ पौधे सभी सुरक्षित रहेंगे और गांव का विकास होगा। उन्होंने यह भी बताया कि नियमित कक्षाओं के प्रारंभ करने से पहले बच्चों को उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिये प्रात:कालीन वेला में योग कराया जाता है जिसमें शिक्षक ऋषिकुमार अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





Leave a comment