उरई। मनरेगा के मजदूरों की सूची पर हस्ताक्षर को लेकर प्रधान के पुत्र और ग्राम पंचायत सचिव में विवाद हाथापाई पर पहुंच गया जिससे ब्लाक परिसर में सनसनी फैल गई। बाद में सचिव ने इसे लेकर पुलिस में प्रधान पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
मामला जालौन जनपद के माधौगढ़ विकास खंड का है। रुद्रपुरा ग्राम पंचायत की प्रधान रामबेटी के पुत्र विक्रम सिंह उनका सारा कार्य देखते हैं। शनिवार को खंड विकास कार्यालय के परिसर में उनकी मनरेगा की मजदूरों की सूची पर हस्ताक्षर को लेकर ग्राम पंचायत सचिव देवेंद्र कुमार सिंह से बहस हो गई। सचिव ने सूची को फर्जी बताया और उस पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया तो विक्रम सिंह का पारा चढ़ गया। सचिव देवेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि उन्होंने गिरेबान पकड़कर उनके साथ मारपीट की और धमकी दी कि रास्ते में फिर देख लेगें। इस बीच कुछ प्रधान व अन्य लोग आ गये जिन्होंने किसी तरह से बीच-बचाव कर सचिव को बचाया। सचिव ने इस मामले में माधौगढ़ थाने में विक्रम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दे दिया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।




Leave a comment