उरई। दस्यु सुंदरी से संसद तक का सफर तय करने वाली फूलन देवी की हत्या के मुख्य आरोपी शेर सिंह राणा के 12 जुलाई को यहां राजपूत करणी सेना द्वारा आयोजित होने जा रहे अभिनंदन समारोह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को फूलन देवी की बड़ी बहन रुक्मणि ने जिला मुख्यालय पर अधिकारियों से भेंट करके कहा कि उनकी बहन के हत्यारोपी का जश्न यहां मनाये जाने से समूचे जनपद के निषाद बाहुल्य गांवों में आक्रोश की लहर है। तनाव की इस स्थिति को संज्ञान में लेकर शेर सिंह राणा के कार्यक्रम पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।
रुक्मणि के साथ उनकी मां मुला देवी भी थीं। उन्होंने एक अलग प्रार्थना पत्र दिया। गत माह फूलन देवी की उनके पैतृक गांव कालपी कोतवाली के शेखपुर गुढा में रहने वाली बहन रामकली (45वर्ष) की मौत हो गई थी। मुला देवी ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए कहा कि उन्हें बाद में पता चला कि रामकली की मौत स्वाभाविक नही थी। गांव के ही निवासी सिद्धनाथ और दीपा निषाद पत्नी स्वराज निषाद ने धोखे से रामकली को कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया था जिसके कारण उनकी जान चली गई। मुला देवी ने उनके आरोप की जांच कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






Leave a comment