उरई।  जालौन कस्बे में रविवार की दोपहर कार में बच्ची को अगवा करके ले जा रहे  बदमाश उसकी चीख पुकार सुन कर लोगों के पीछे लग जाने से उरई रोड पर उसे फेंक कर भाग निकले । मामला तब और रहस्यमय हो गया जब अपहर्ताओं के चंगुल से छूटी बच्ची ने बताया कि कार में 3-4 बच्चे और थे तो क्या जिले में कोई बच्चा चोर गिरोह सक्रिय हो गया है । पुलिस ने भी माना मामला गंभीर है । घटना की वजह से पूरे कस्बे में भय और दहशत का माहौल बन गया है ।

  प्राप्त समाचार के अनुसार जालौन कस्बे के मोहल्ला गणेश जी निवासी मंगल सिंह चौरसिया की 10 वर्षीय पुत्री प्रिया आज दोपहर में बस स्टैंड स्थित दुकान पर अपने पापा के लिए टिफिन ले कर जा रही थी । तभी कालिंदी टाकीज़ के मोड पर कत्थई रंग की वैगन आर में बैठे लोगों ने उसे भीतर घसीट लिया और उसे अगवा करके ले जाने लगे । इस पर बच्ची चीख पुकार मचाने लगी , जब वे उसका मुँह बंद नहीं करा सकेऔर लोगों को अपने पीछे दौड़ते देखा  तो उरई रोड पर एल आई सी के दफ़्तर के सामने उसे फेंक कर उरई की ओर भाग निकले ।

  राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिस पर कोतवाल संजय गुप्ता मौके पर पहुँच कर बच्ची को ले आए और उससे बात करके स्थिति  को समझने का प्रयास किया । बच्ची का कहना है कि कार में पहले से 3-4 बच्चे थे ।  शायद उनको भी अगवा किया गया है । बच्ची के इस बयान से मामला और संगीन हो गया है ।  पुलिस एल आई सी दफ़्तर में लगे सी सी टी वी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपहर्ताओं के बारे में सुराग हासिल किया जा सके। इस घटना की वजह से कस्बे में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है।

Leave a comment