उरई। विद्युत विभाग की लापरवाही से हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर जाने से जालौन जिले में अलग-अलग स्थानों पर कई मवेशियों की करंट के कारण मौत हो गई।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के दमरास गांव में रविवार को राजकीय नलकूप नं.124 के पास कीरत सिंह भदौरिया की दो जर्सी गाय और एक भैस चर रही थी। तभी अचानक उनके ऊपर टयूबवैल कनेक्शन की लाइन टूटकर गिर पड़ी। जिससे तीनों मवेशी करंट के शिकार हो गये। कीरत सिंह ने यह देख विद्युत कर्मियों को फोन किया लेकिन किसी ने फोन नही उठाया। तब सब स्टेशन न्यामतपुर का फोन किसी तरह मालूम कर सूचना दी गई। इस आपाधापी में एक घंटा लग गया। इस बीच मवेशी करंट के मारे तड़पड़ाते रहे और जब तक लाइट बंद हुई तब तक तीनों मवेशियों की जान निकल गई। कीरत सिंह ने मवेशियों की कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये बताई है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने काफी हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनसे मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र देने को कहा। तब बबाल शांत हुआ। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार का कहना है कि विद्युत विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
उधर कदौरा थाने के कानाखेड़ा में खेतों के ऊपर से होकर निकली हाईटेंशन लाइन जर्जर होने के कारण टूटकर गिर पड़ी जिससे खेत में चर रही आधा दर्जन गायें चपेट में आ गईं। करंट के कारण उन्होंने भी दम तोड़ दिया।






Leave a comment