उरई । रविवार को देर रात माधौगढ़ थाना क्षेत्र में कार से टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्राली सड़क पर पलट गई । दुर्घटना में ट्राली में सवार 2 लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन घायल हो गए जिनमें कई की हालत गंभीर है । इसी बीच कार चालक मौके से भाग निकला ।

यह दुर्घटना मिनी शुगर मिल के सामने हुई जब रामपुरा से ,माधौगढ़ आ रही अल्टो कार सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई । ट्रैक्टर की स्पीड तेज होने से दुर्घटना बचाने की कोशिश में जब चालक ने ब्रेक लगाया तो ट्राली पलट गई । इसमें डिकौली जागीर के लोग बैठे थे जो सिहारी गाँव से एक त्रयोदशी में शामिल हो कर लौट रहे थे । ट्राली पलटने से उसमें सवार लोग नीचे दब गए जिनमें अजय कुमार ( 25 वर्ष ) पुत्र जगजीवन राम की मौके पर ही मौत हो गई । राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुँच कर सभी घायलों  को अस्पताल में भर्ती कराने का बंदोबस्त किया । बाद में एक और घायल शिवराम ( 55 वर्ष) ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया । रामजीत , राम प्रकाश , विनीता , सुभाष और विकास सहित एक दर्जन अन्य घायलों का उपचार चल रहा है ।

Leave a comment