उरई। मंगलवार को देर रात अज्ञात चोरों ने गोहन थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर में लाखों रुपये की चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दे डाला।
रात में जब घर के लोग बेसुध सो रहे थे, चोर भीतर दाखिल हो गये। उन्होंने जिस कमरे में सामान, नगदी आदि रखा था। उसके बक्से और अटैचियां तोड़कर खंगाले। गृह स्वामी शाह आलम का कहना है कि चोर घर से साढ़े तीन लाख रुपये नगद और 40 तोला सोना व एक किलो चांदी के जेवरात उठा ले गये। शाह आलम का मुंबई में कारोबार है। हाल ही में वे अपने छोटे भाई के यहा शादी में गांव आये थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस में इतनी बड़ी चोरी को लेकर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचकर गोहन के थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने वारदात का जायजा लिया। पास के एक स्कूल में टूटा हुआ बक्सा और अटैची बरामद हुई है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जेवर की मात्रा को लेकर वादी बार-बार बयान बदल रहा है इसलिए कितनी बड़ी चोरी हुई इसको लेकर संदेह है। फिर भी गंभीरता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही वारदात का अनावरण कर लिया जायेगा।

Leave a comment