उरई। जालौन में गत दिनों कार से बच्ची के अगवा करने के सनसनीखेज प्रयास के खुलासे में बहुत ही घिनौनी कहानी सामने आई है। अपहरण कांड का मुख्य आरोपी एक धनाढय लेकिन बहशी दरिंदा निकला जो बच्चियों का अपहरण करने के बाद उनके साथ दुष्कर्म करता था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। दो और लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। जांच स्वाट टीम के हवाले कर दी गई है।
गौरतलब है कि चार दिन पहले 11 वर्षीय बालिका प्रिया को जालौन में पिता के लिए खाना देते जाते समय कालिंद्री टाकीज के पास से अपहृत कर लिया गया था। लेकिन उसके लगातार चिल्लाने से लोगों ने कार का पीछा कर लिया जिसकी वजह से अपर्हता उसे उरई रोड पर एलआईसी दफ्तर के पास सड़क पर फेंक कर भाग निकले थे। भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार इस सिलसिले में पुलिस ने मूलरूप से शिवाजी नगर झांसी निवासी और हाल मुकाम ईदगाह के पीछे रामनगर उरई आकाश अग्रवाल को धर दबोचा। इसमें आकाश के बहशीपन की कहानी सामने आई है। घटना में प्रयोग की गई बैगनआर आकाश के भाई विकास अग्रवाल के नाम है इसलिए उसे भी हिरासत में ले लिया गया है। एक अन्य आकाश कुमार निवासी जवाहर नगर कोंच को भी हिरासत में लिया गया है। इनसे कड़ाई से पूंछतांछ चल रही है। लेकिन पुलिस ने अभी औपचारिक रूप से इसका खुलासा नही किया है।
इनकी गिरफ्तारी से काफी समय पहले उरई में राठ रोड पर झाड़ियों में मिले बच्ची के क्षत-विक्षत शव के मामले की याद ताजा हो गई है। पुलिस इस बात की कड़ियां जोड़ने में लगी है कि कहीं वह बच्ची भी तो इन दरिंदों की हवश की भेंट नही चढ़ गई थी।

Leave a comment