उरई। जालौन कस्बे से दिनदहाड़े 10 वर्षीय बालिका के कार द्वारा अपहरण के विफल प्रयास में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जालौन सर्किल के पुलिस उपाधीक्षक संजय शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये आकाश अग्रवाल उर्फ चैनू पुत्र महेश अग्रवाल निवासी मऊरानीपुर झांसी हाल मुकाम रामनगर कमल दोहरे का मकान उरई और आकाश अग्रवाल पुत्र जगदीश चंद्र अग्रवाल निवासी जामा मस्जिद के पीछे जवाहर नगर कोंच ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनके कब्जे से बालिका के अपहरण की कोशिश में प्रयोग की गई बैगनआर कार यूपी 93 बीसी 20958 को एमबी एक्ट की धारा 207 में सीज कर दिया गया है।
इस संगीन मामले में पुलिस की लीपापोती चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल यह बात प्रकाश में आई थी कि आकाश अग्रवाल वहशी मानसिकता का शिकार है और वह बच्चियों का अपहरण उनके साथ दुष्कर्म के लिए करता था। उरई में राठ रोड पर दो वर्ष पहले दुष्कर्म के बाद निर्मम ढंग से मार दी गई बालिका का शव मिला था जिसका रहस्य आज तक नही खुल पाया है। लोग इसके तार भी उक्त गिरफ्तार किये गये युवकों से जोड़ रहे थे।
लेकिन पुलिस ने एन्टीक्लाइमेक्स की परिणति पर इस पूरी घटना का समापन कर दिया। पुलिस ने मंगल चैरसिया की 10 वर्षीया पुत्री प्रिया के अपहरण की कोशिश में दोनों को आरोपी बनाया है लेकिन यह बताने की जहमत नही उठाई कि आखिर प्रिया के अपहरण की कोशिश करने के पीछे इनका मकसद क्या था। इसी कारण जहां लोगों को इतनी जल्दी बच्चों के अपहरण से जुड़े बेचैन कर देने वाले संवेदनशील मामले के खुलासे से तसल्ली हुई है वहीं असली घटना पर पुलिस द्वारा की गई पर्दादारी से आरोपियों को कानून के सामने रियायत मिलने की जो स्थिति बनी है उसे लेकर जबर्दस्त असंतोष भी है।






Leave a comment