उरई। चुर्खी रोड पर सुबह से शाम तक अवैध खनन करके मिटटी ले जा रहे ट्रैक्टरों की आमदरफ्त रहने के बावजूद प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
क्षेत्र के प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने बताया कि अवैध खनन करके मिटटी ले जाने वाले ट्रैक्टर सड़क पर बदहवास दौड़ते हैं। उन्हें न यातायात संकेतकों की फिक्र रहती है और न ही राहगीरों को बचाने की चिंता। अगर मिटटी ट्राली से बाहर गिर जाये तो मजाल है कि उसे किनारे करने की सोचें भले ही इसी हालत में हफ्तों बीत जायें।
कमाल तो यह है कि यूपी-100 की गाड़ियां इत्मीनान से अवैध खनन के तमाशे को देखती रहती हैं लेकिन मामला सैट रहने के कारण टोकाटाकी की जहमत नही उठातीं। बताया गया है कि अमगुवां मौजे के खेतों से मिटटी भरी जाती है। ध्यान रहे कि उरई से अमगुवां तक दर्जन भर प्राथमिक, जूनियर, माध्यमिक, बीटीसी और डिग्री स्तर तक की शिक्षण संस्थाएं हैं जिनके विद्यार्थियों के लिए इन ट्रैक्टरों की घुड़दौड़ जान जोखिम की वजह बनी हुई है।

Leave a comment