
सिरसा कलार। सरकार और प्रशासन भले ही ग्रामीणों को पानी की समस्या से निदान के लिए कितने भी प्रयास करती हो लेकिन वास्तविकता में अभी भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या बनी हुई है जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सिरसा कलार में ही बनी पानी की दोनों टंकियां इस समय सफेद हाथी साबित हो रही हैं जिससे आसपास के गांवों में पानी की समस्या बनी हुई है।
ग्राम सिरसा कलार में बनी दोनों पानी की टंकियां ट्यूबवैल खराब होने से सफेद हाथी साबित हो रही हैं। बीते एक सप्ताह से सिरसा कलार और आसपास के जयसिंहपुर, जोगियापुर, बिचौली, छानी, जखा, जहटौली आदि गांवों की सप्लाई प्रभावित होने से उक्त गांवों के बाशिंदों के सामने पानी की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। वहीं जब इस बारे में विभाग से बात की गई तो ग्रामीणों को बताया गया कि इनको ठीक होने में अभी समय लगेगा। एेसे में ग्रामीणों के लिए इस गर्मी में पानी की खासी समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में लगे हैंडपंप खराब पड़े हैं जिस कारण उन्हें दूरदराज से पानी लाना पड़ता है जिससे उनका समय भी बर्बाद होता है और अन्य कार्य प्रभावित होते हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द टंकियों से सप्लाई चालू कराने की मांग की है।






Leave a comment