कोंच-उरई । कोंच में महिला आरक्षियों के लिये बैरक और थानेदारों के लिये ट्रांजिट हॉस्टल हालांकि बन कर तैयार खड़ा है लेकिन विभाग को इनके हस्तांतरित किये जाने में अभी भी अड़चनें हैं। पिछली 19 जून को निर्माण समिति जिसमें सीओ कालपी सुवोध गौतम, आरआई देवीगुलाम, कोतवाली प्रभारी कोंच विनोदकुमार मिश्रा, जेई झांसी अमनकुमार, जेई ज्ञानप्रकाश आदि ने इन दोनों भवनों का बरीकी से मुआयना किया था जिसमें मिली तमाम खामियों के मद्देनजर इन्हें जल्दी ही दूर करने के निर्देश निर्माणी संस्था अविरल इंटरप्राइजेज कानपुर को दिये थे। इन खामियों को दूर करने का हालांकि निर्माणी संस्था ने प्रयास किया है लेकिन अभी भी तमाम खामियां बाकी हैं। हॉस्टल में ऊपर छत पर जाने के लिये जो चौकोर चेंबर लगाया गया है उसके आसपास से बरसाती पानी अंदर आ रहा है। गुरुवार को फिर जेई इसके हस्तांतरण के लिये आये थे लेकिन बात बनी नहीं। महिला आरक्षियों के लिये निर्मित बैरक और थानेदारों के रहने के लिये ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण पर सतहत्तर लाख की लागत आई है। बताया गया है कि ट्रांजिट हॉस्टल 36 लाख 42 हजार की लागत से बन कर तैयार हुआ है जिसमें छह कमरे हैं और प्रत्येक कमरे में दो थानेदारों के रहने की व्यवस्था होगी। महिला बैरक के निर्माण पर लागत 40 लाख 52 हजार आई है, इसमें दस महिला आरक्षियों के रहने का इंतजाम होगा। यह बैरक भोजनालय से भी लैस होगी तथा डाइनिंग हॉल की भी व्यवस्था होगी।

 

Leave a comment