उरई। नगर कोतवाली अंतर्गत एक मकान के निर्माण कार्य में लगे मजदूर की रात के समय छत से गिरकर मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और छानबीन की। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक भी घटना स्थल पर पहुंचे।
नगर के मोहल्ला सुशील नगर में जयराम राठौर के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है जिसमें ठेकेदार आशीष कुमार ने शटरिंग का ठेका ले रखा है। इसके लिए उन्होंने छोटेलाल (35 वर्ष) पुत्र भगवान दीन निवासी नयापुरवा मगरौल थाना कालपी के साथ उसके भाई राकेश, भांजे दयाशंकर को मजदूरी पर लगाया था। बीती रात छोटेलाल रात में वहां छत से गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि रात्रि में मजदूरों ने मिलकर वहां शराब पी थी जिसके बाद ही यह घटित हुई। घटना की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर जाकर छानबीन की। वहीं पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे जांच पड़ताल की। पुलिस मामले के हर बिंदु को लेकर छानबीन में जुटी है इसी के चलते मृतक के भाई और भांजे को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।






Leave a comment