जालौन । जेसीबी मशीन की बकेट हाईटेंशन लाईन से टकराई। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे जिओ मोबाइल के दो कर्मचारियों व ट्रैक्टर पर गिरा जिसमें दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे एवं ट्रैक्टर में आग लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कर्मचारियों को लाइन के नीचे से निकालकर सीएचसी ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया।
देवनगर चौराहे से कोंच चौराहे तक फोरलाइन निर्माण का कार्य चल रहा है जिसमें जेसीबी मशीन द्वारा सडक़ किनारे की मिट्टी खोदी जा रही है। रविवार की सुबह लगभग 10 बजे जेसीबी चालक कानों में ईयरफोन लगाकर जेसीबी चला रहा था। तभी जेसीबी की आगे की बकेट सेंगर कालोनी के पास नीचे झूल रही 11 हजार वाट की हाईटेंशन लाईन से टकरा गई। जैसे ही बकेट हाईटेंशन लाईन से टकराई तो लाईन से चिंगारियां निकलने लगी और अचानक से हाईटेंशन लाईन का तार टूटकर नीचे गिर पड़ा। उसी स्थान पर जिओ कंपनी में कार्यरत मंकरंदपुरा निवासी अमित कुमार व घाटमपुर थाना क्षेत्र के छतारा निवासी राजू उर्फ मुक्ता प्रसाद जिओ की लाईन को चेक कर रहे थे। पास ही में एक बल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर एक ट्रैक्टर में ईंटा लादा जा रहा था। तार टूटकर जिओ के दोनों कर्मचारियों व टै्रक्टर पर गिरा। तार गिरने से जहां ट्रैक्टर में आग लग गई वहीं दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। उधर जैसे ही जेसीबी चालक ने माजरे को समझा तो वह जेसीबी मशीन वहीं खड़ी कर मौके से भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शीतला प्रसाद मिश्र मौके पर पहुंच गए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों की मदद से जिओ कंपनी के दोनों कर्मचारियों को लाईन के नीचे से निकलवाकर सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों कर्मचारियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।






Leave a comment