
जालौन। वर्ष 2017 में राज्य स्तरीय व्यवसायिक परीक्षा का आयोजन हुआ था। जिसमें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। इसी परीक्षा में राजकीय औद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान माधौगढ़ में अध्ययनरत मोहल्ला धर्मशाला निवासी रामजी प्रधान की पुत्रवधू प्रियंका देवी पत्नी प्रदीप कुमार ने ड्रेस मेकिंग ट्रेड से राज्य स्तरीय परीक्षा में भाग लिया था। परीक्षा में सम्मिलित सभी प्रतिभागियों में प्रियंका देवी ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। प्रियंका की इस उपलब्धि पर 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस पर कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन व राजकीय औद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान उरई के प्राचार्य एमके सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र व प्रोत्साहन राशि के रूप में 5100 रुपये की चेक देकर सम्मानित किया। वहीं, प्रियंका की इस उपलब्धि पर पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल याज्ञिक, सभासद सोमिल याज्ञिक, चंद्रशेखर, प्रदीप कुमार, मलखान यादव, देवीदास, आलोक याज्ञिक आदि सहित मोहल्ले के लोगों ने उनके घर जाकर बधाइयां दी एवं मिष्ठान्न वितरित किया।






Leave a comment