उरई। दस्यु सुंदरी से सांसद बनने तक का सफर तय करने वाली फूलन देवी की राजनैतिक विरासत को ले कर उनके घर में दो फाड़ हो गए हैं । फूलन देवी की छोटी बहिन मुन्नी देवी ने रविवार को एक कार्यक्रम से अपनी राजनीति का आगाज करते हुए कहा कि वे अपनी बहिन  के सपनों को पूरा करना चाहती हैं । उन्होने इसके लिए चुनाव लड़ने की भी इच्छा जता डाली ।

कालपी विधान सभा क्षेत्र के देवकली गाँव में रविवार को पूर्व घोषणा के अनुसार उन्होने सम्मेलन कराया जिसमें वे मुख्य अतिथि  के रूप में पहुँचीं । इस सम्मेलन में एक दर्जन के लगभग प्रधानों के साथ लगभग तीन सैंकड़ा लोगों ने हिस्सेदारी की । पहली बार में ही इतनी भीड़ देख कर वे गदगद थी ।

उन्होने यमुना बीहड़ पट्टी के गाँवों की बदहाली का खाका खींचा । यह भी कहा कि उनकी बहिन भले ही मिर्जापुर से सांसद थीं लेकिन इस क्षेत्र के पिछड़ेपन को मिटाने के लिए भी वे बराबर प्रयत्नशील रहतीं थीं । उन्हे अपनी जन्मभूमि से बहुत लगाव था और यहाँ के हर वर्ग के आदमी से वे मिलती थीं , यहाँ की स्थिति को ले कर फिक्र जतातीं थीं और विकास के लिए ठोस प्रयास भी करती थीं ।

मुन्नी देवी ने अपनी मां मुलादेवी और बड़ी बहिन रुक्मणी पर फूलन देवी की हत्या के मामले में ढंग से पैरवी न करने का आरोप लगाया । उन्होने कहा कि इसीलिये उनके हत्यारे अभी  तक फाँसी के फंदे पर लटकने से बचे हुए हैं । उन्होने पैरवी का अधिकार उन्हें दिलाने की गुजारिश की थी लेकिन मां ने ऐसा नहीं किया ।

Leave a comment