उरई। 30 लाख की फिरौती के लिए युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर देने के मामले में 6 सालों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। इसके खिलाफ पुलिस पर फायर करने सहित कई अन्य संगीन मामले भी दर्ज हैं।
सिरसाकलार थाने के कौड़ा किर्राही निवासी जय सिंह पुत्र समरथ सिंह कठेरिया शातिर अपराधी है। उसने तीतरा खलीलपुर थाना कोंच निवासी राजकुमार समाधिया (35वर्ष) पुत्र कौशल किशोर समाधिया का पांच अन्य लोगों के साथ उरई से अपहरण कर लिया था। उसे रिहा करने के लिए उसके गिरोह ने राजकुमार समाधिया के परिवार वालों को 30 लाख रुपये फिरौती देने का संदेश पहुंचाया था। वे लोग इतनी रकम की व्यवस्था नही कर पाये जिससे जय सिंह और उसके साथियों ने राजकुमार समाधिया की हत्या कर दी।
बाद में पुलिस ने जय सिंह के पांचों साथियों को तो गिरफ्तार कर लिया लेकिन वह पुलिस को चकमा देता रहा। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में चलाये जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के दौरान सिरसाकलार पुलिस को मालूम हुआ कि जय सिंह इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र में मोहम्मद उर्फ श्याम बनकर रह रहा है। पुलिस ने गोपनीय रूप से वहां पहुंचकर उसे धर दबोचा।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने पत्रकार वार्ता ने इसकी जानकारी देते हुए सिरसाकलार के प्रभारी निरीक्षक फुंदनलाल और उनकी टीम की पीठ थपथपाई व जय सिंह पर घोषित 25 हजार रुपये का इनाम उन्हें प्रदान करने की मंजूरी दी।

Leave a comment