उरई। सरकार की बार-बार चेतावनी के बावजूद लेखपाल आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नही हो रहे। सोमवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में जैसे ही फिर धरना जमाया प्रशासन ने पुलिस के साथ पीएसी को भेजकर उन्हें जबरन बाहर खदेड़ दिया। अपर जिलाधिकारी पीके सिंह का कहना था कि लेखपालों को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देने की कोई अनुमति नही दी गई है। इसलिए उनको यहां कोई प्रदर्शन नही करने दिया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मंगलवार तक आंदोलन खत्म न हुआ तो आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी शुरू कर दी जायेगी।
हालांकि लेखपाल संघ ने कहा है कि उन्हें प्रशासन की बंदर भभकी का कोई खौफ नही है। जब तक प्रांतीय नेतृत्व के साथ सरकार का कोई समझौता नही होगा तब तक वे आंदोलन जारी रखेगें भले ही उन्हें इसकी कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।
उधर कलेक्ट्रेट से जबरन बाहर किये जाने के बाद लेखपालों ने कलेक्ट्रेट गेट के बाहर आसन जमा दिया। इस दौरान लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष लायक सिंह की अध्यक्षता में सभा हुई। कई अन्य कर्मचारी संगठनों के नेता उनकी हौसलाफजाई के लिए सभा में भाषण देने पहुंचे जिनमें राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रामप्रसाद श्रीवास्तव, मंत्री हरीश राठौर, प्राथमिक शिक्षक संघ के महेंद्र भाटिया, कार्यवाहक अध्यक्ष गुलाब सिंह, विकास भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरीराम ओमरे आदि शामिल थे।

Leave a comment