उरई। खेत पर शौंच के लिए जा रही लड़की को पकड़कर उसके कपड़े फाड़ने के बाद उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले युवक को संरक्षण देना रेढ़र एसओ के लिए भारी पड़ गया। पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को उन्हें हटाकर नये प्रभारी निरीक्षक की तैनाती रेढ़र में कर दी।
सोमवार को रेढ़र थाने के गांव कुसमरा से आई एक महिला ने पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह के सामने गुहार लगाई थी कि गत दिनों उसकी लड़की के साथ गांव के एक दबंग युवक राघवेंद्र ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। जब उसने इसकी शिकायत राघवेंद्र के घर जाकर की तो राघवेंद्र ने अपनी मां और बहनों के साथ आकर उसकी लड़की को पकड़ लिया और क्रूरता पूर्वक मारते हुए मरणासन्न कर छोड़ गये। अभी भी पीड़ित लड़की का इलाज मेडिकल कालेज उरई में चल रहा है। दूसरी ओर रेढ़र के एसओ अजय कुमार सिंह ने राघवेंद्र और उसके परिवार वालों के खिलाफ मुकदमा लिखने की बजाय मामला रफा-दफा करने के लिए 151 में उसका चालान कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली।
इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मंगलवार को रेढ़र के एसओ अजय कुमार सिंह को हटाकर शिकायत प्रकोष्ठ में भेज दिया। उनके स्थान पर अपराध शाखा से शिवगोपाल वर्मा को रेढ़र का नया प्रभारी निरीक्षक बनाकर भेजा गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन से देवेंद्र सिंह कोंच के नये प्रभारी निरीक्षक बनाये गये हैं। जबकि कोंच के मौजूदा प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा को इसी पद पर डकोर भेज दिया गया है।
इसी बीच रेढ़र थाने में उक्त मामले को लेकर राघवेंद्र सिंह व उसकी मां गायत्री देवी और बहनें जूली और सुषमा के खिलाफ रेप का मुकदमा कायम कर लिया गया है।

Leave a comment