उरई। विवाह को 14 वर्ष हो जाने और इस बीच चार बच्चे हो जाने के बावजूद मन माफिक दहेज न मिलने की टीस पति और ससुराल वालों में भरी हुई है। जिसके नतीजे में उन्होंने महिला के साथ मारपीट कर उसके जेवर छीन लिए। पीड़िता ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आकर उच्चाधिकारियों को अपनी फरियाद से अवगत कराया। मामले में जांच के आदेश कर दिये गये हैं।
माधौगढ़ थाने के ग्राम बंगरा में पिंकी की 14 वर्ष पहले भोले उर्फ शंकर सिंह कुशवाहा निवासी ग्राम असूपुरा थाना कैलिया से शादी हुई थी। वैवाहिक जीवन में उसे चार बच्चे हुए इस बीच उसका पति गुजरात में जाकर पानीपूड़ी का धंधा करने लगा।
उसने बताया कि वह तीन-चार महीने में वापस आता है। लेकिन जो आमदनी रहती है उसे न देकर अपने भाई, भाभी और मां को दे देता है। दरअसल उसका कहना है कि दहेज में तुम्हारे पिता ने पूरी रकम नही दी थी। जिसकी वजह से तुझे मायके से मांगकर खर्चा चलाना पड़ेगा वह कुछ नही देगा।
गत 10 जुलाई को जब उसने पेट भरने और बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसे मांगे तो पति भोले उर्फ शंकर सिंह, सास कैलाशी, देवर राघवेंद्र, देवरानी रेखा व ससुर संतराम ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा। जिससे वह मरणासन्न हो गई। बाद में उसने अपने मायके वालों के साथ थाना कैलिया में इसकी रिपोर्ट कराई। तो एनसीआर में मुकदमा लिख लिया गया। ससुराल वाले उसका जेवर भी छीन चुके हैं। उसके सामने जीवन-मरण का सवाल है। इसलिए उसके मामले में सार्थक कार्रवाई कर ससुराल वालों को जेल भेजा जाये।






Leave a comment