उरई। कालपी के पास अधूरे फोरलेन को पूरा कराने के लिए प्रशासन बुधवार को सख्त तेवरों के साथ सड़क पर उतर पड़ा। इस दौरान ईंटों के चटटे को जेसीबी से गिराते समय कब्जे धारक के परिवार ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद पीएसी के जवानों ने लाठिया बरसाई और महिला समेत तीन लोगों को पकड़ लिया।
विदित हो कि सड़क किनारे की भूमि के अधिग्रहण की धारा 3 डी का गजट प्रशासन ने मंगलवार को अखबार में प्रकाशित करा दिया था। जिसके बाद बुधवार को हरकत में आ गये। फोरलेन बाईपास पर ओवर ब्रिज निर्माण के लिए उप जिलाधिकारी सतीश चंद्र के नेतृत्व में सीओ सुबोध गौतम और कोतवाल सुधाकर मिश्र के साथ कई थानों की पुलिस टीम व पीएसी ने जमीन खाली कराने के लिए मोर्चा संभाल लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी भी साथ थे।
बाईपास स्थित निकासापुरा तिराहे पर इरशाद खान ने गुम्मों का चटटा लगाकर उस पर टीम सैड डालकर आशियाना बना लिया था। अधिकारियों ने उस पर जेसीबी मशीन चलवा दी। इससे इरशाद और उसका परिवार आक्रोशित हो गया। उन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया तो पुलिस और पीएसी ने जमकर लाठियां भांजी व इरशाद व उसकी पत्नी सहित तीन लोगों को पकड़ लिया। लाठी चार्ज में कई राहगीर भी घायल हो गये। इसके बाद अंशुल कबाड़ी सहित आधा दर्जन कब्जों को पुलिस ने हटवा डाला। इस दौरान भारी भीड़ इकटठी हो गई थी लेकिन प्रशासन के तेवर देखकर उपद्रवी शांत पड़ गये।

Leave a comment