उरई। पति पत्नी जीवनरूपी गाड़ी के दो पहिये होते है जिसमें आपस में सामंजस्य और परस्पर सहयोग की भावना होनी चाहिए।

उक्त विचार अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने अनुरागिनी संस्था के तत्ववाधान में आयोजित अल्पसंख्यक महिलाओं के नेतृत्व विकास संबंधी छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम नई रोशनी के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिलाएं जब आर्थिक रूप से सशक्त होगी तब परिवार का संचालन बेहतर तरीके से कर सकेगी। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने कहा कि आज प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभा रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से उनको शैक्षणिक एवं कानून की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा जो उनको आत्मनिर्भर बनाने का कार्य करेगा। बल्लभनगर बजरिया स्थित मदरसा अरबिया रहमानिया में अल्पसंख्यक मंत्रालय भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना नई रोशनी के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डा. प्रवीण सिंह जादौन ने प्रशिक्षण के उद्देश्य के बारे में बताया कि अल्पसंख्यक महिलाओं के नेतृत्व क्षमता विकसित करने एवं उनको रोजगार परक कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा जिससे उनका आर्थिक विकास हो सके। 125 महिलाओं के पांच बैच बनाए गए है जिसमें प्रशिक्षक एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा छह दिनों स्वास्थ्य शिक्षा, पोषक आहार, स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता, कानूनी साक्षरता, सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन कौशल शिक्षा की जानकारी प्रदान की जाएगी। मदरसा के संरक्षक अयूब अंसारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम से महिलाओं में नई ऊर्जा विकसित होगी। वह विकास परक योजनाओं से लाभ प्राप्तकर विकास की मुख्य धारा से जुड़ेगी। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कर रहे हाजी मोहम्मद इस्माइल खान ने संस्था द्वारा आयोजित अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए नई रोशनी कार्यक्रम की सराहना की जिससे अल्पसंख्यक समुदाय में जागृति आयेगी। महिलाएं शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बन सकेगी। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त भारत विकास परिषद के जनपद जिलाध्यक्ष अजय महतेले ने किया। इस अवसर पर संस्था द्वारा 125 महिलाओं को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। इस कार्यक्रम की प्रशिक्षिका नेहा अंजुम, आतिया परवीन, संतोषी विश्वकर्मा, विनीता पांडेय, अपूर्वा सिंह, पूनम महतेले, स्वाती सिंह, एवं विषय विशेषज्ञ कुंदन सिंह, रविन्द्र सिंह, जितेन्द्र पांडेय, राहुल समाधिया, लक्ष्मीप्रसा राजपूत, श्याम प्रताप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a comment