उरई । नगर पालिका परिषद उरई के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुये कहा कि वह नगर की समस्याओं का संज्ञान लेकर जिन स्थानों पर जरूरी होगा यथासंभव विकास कार्य कराये जायेंगे। तो वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के बारे में स्पष्ट किया कि नगर में शौचालयों के निर्माण प्रगति समीक्षा कर स्वयं भी मोहल्लों का भ्रमण कर हकीकत परखने का कार्य करेंगे ताकि जिन लाभार्थियों के खातों में शौचालय निर्माण की धनराशि उनके खातों में पहुंची है उसका सदुपयोग हो और नगर स्वच्छ रहे।
नवागंतुक ईओ ने विकास कार्यों के बारे में स्पष्ट किया कि ज्यादातर नगरीय क्षेत्रों की एक ही समस्या प्रमुख होती है कि जिन स्थानों पर विकास कार्य अब तक कराया जाना संभव नहीं हो पाया है उन स्थानों पर विकास कार्य कराये जायें यही नगरवासियों की मंशा होती है। दूसरी समस्या नगर में सफाई व्यवस्था समुचित तरीके से हो इसके लिये पालिका के सफाई कर्मी नियमित अपने कार्य को करते भी है। फिर भी इस संबंध में यदि किसी की शिकायत आती है तो उसका संज्ञान लेकर तत्परता से ध्यान दिया जायेगा। फिलहाल तो स्वच्छ भारत मिशन योजना में नगर को खुले में शौच से मुक्त करना एक गंभीर चुनौती है। ईओ ने कहा कि चूंकि पूर्व में भी लाभार्थियों का चयन हो चुका है और ज्यादातर लाभार्थियों के बैंक खातों में शौचालय निर्माण का रुपया भी पहुंच गया है। अब ऐसे लाभार्थी प्राथमिकता से अपने आवासों में शौचालयों का निर्माण कराकर देश के प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान में भागीदार बन नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि नगर को ओडीएफ घोषित होना है इसके लिये वह स्वयं भी समय-समय पर पालिका कर्मियों के साथ मोहल्लों का भ्रमण कर शौचालयों के निर्माण की सच्चाई से रूबरू होते रहेंगे ताकि जितने शौचालयों का निर्माण कराया जाना है वह समय से पूर्ण हो सके।

Leave a comment