उरई। लोकसभा चुनाव के कारण एक साल से अधिक समय से आराम कर रही सरकार अचानक हरकत में आ गई है। युद्ध स्तरीय प्रशासनिक सरगर्मी दिखाने की इसके तहत बनाई गई रणनीति के क्रम में जिले की नोडल अधिकारी मिनिस्थी एस. का दो दिवसीय तूफानी कार्यक्रम जारी किया गया है। मिनिस्थी एस. स्टाम्प की महानिदेशक हैं। तेज-तर्रार मिनिस्थी एस. को जालौन जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिसके कारण उनके दौरे का कार्यक्रम आते ही कुंभकरण के अवतार बने हुए जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
मिनिस्थी एस. शनिवार को लखनऊ से जिले के भ्रमण पर पहुंचेगीं। सुबह 9 बजे कालपी में पड़ाव करके वे सबसे पहले हाथ कागज उद्यमियों के साथ बैठक करेगीं। इसके बाद 11 बजे उनका राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण का कार्यक्रम है। ध्यान रहे कि कालपी में राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण स्थानीय कारणों से अभी तक पूरा नही हो पाया है। जिसके कारण आये दिन यहां जाम की समस्या रहती है। निरीक्षण में जिले के अधिकारियों ने समस्या के निराकरण के लिए कितनी मुस्तैदी दिखाई है इसका जायजा लेकर 11ः30 बजे वे जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग के निर्माण का निरीक्षण करेगीं।
12 बजे मध्यान्ह विकास भवन में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेगीं। इसके बाद खाना खाने और विश्राम के उपरांत मिनिस्थी एस. शाम 4 बजे किसी एक ग्राम पंचायत का निरीक्षण कर वहां जन चौपाल करेगीं।
22 जुलाई को सुबह 9 बजे उनके द्वारा जिला अस्पताल का निरीक्षण किया जायेगा जहां मरीजों को खुलेआम बाहर की दवाएं लिखी जातीं हैं और डा. अपनी सीट पर बैठकर ही घर पर आकर फीस देकर के दिखाने की हिदायत मरीजों को देते हैं। अब देखना यह है कि मिनिस्थी एस. के निरीक्षण में डाक्टरों की इस गुस्ताखी पर कितनी रोक हो पायेगी। 11 बजे अपरान्ह उनका एट थाने में निरीक्षण होगा। शाम को वे वापस लखनऊ प्रस्थान कर जायेगीं।






Leave a comment