माधौगढ़-उरई। भारतीय जनता पार्टी चुनाव के पहले किसानों पर डोरे डालने के लिए ब्लाक स्तर तक उनके सम्मेलन आयोजित कर किसान हित में सरकार द्वारा लिए गये फैसलों की जानकारी उन्हें दे रही है।
भारतीय जनता पार्टी पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगता रहा है। किसानों की आत्महत्याओं और उनके आंदोलनों के दमन के लिए लाठी चार्ज और गोली चलवाने जैसी घटनाओं ने इन आरोपों को और ज्यादा पुख्ता कर दिया। अभी तक इन आरोपों की परवाह नही कर रही भाजपा सरकार लोक सभा चुनाव नजदीक देखकर अपना रवैया बदल रही है और किसानों पर अपना दुलार उड़ेलने में कोई कसर नही छोड़ रही।
इसी क्रम में शुक्रवार को माधौगढ़ में किसान सम्मेलन बुलाकर भाजपा नेताओं ने सरकार द्वारा उनकी भलाई के लिए किये गये तथाकथित प्रयासों को बढ़चढ़ कर बखाना। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष ने की। इस अवसर पर विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों की उपज का समर्थन मूल्य बढ़ाकर लागत का डेढ़ गुना कर दिया जो आज तक किसी सरकार ने नही किया था। यह किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में बेहद ठोस कदम है। पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर ने कहा कि भाजपा सरकार ने गेंहूं का सबसे ज्यादा समर्थन मूल्य किसानों के हितों की सर्वोपरि चिंता करने की वजह से दिया। वक्ताओं ने बताया कि यूपी में बेरोजगार युवाओं के लिए सरकार 4 लाख नौकरियों की व्यवस्था करने जा रही है। गांवों तक सड़कें बन गई हैं। परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रहीं हैं। सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू कर दी गई है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पार्टी के बुंदेलखंड प्रभारी और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पर्वत सिंह ने बताया कि गौ संरक्षण के लिए रामपुरा में 3 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से वृहद गौशाला का निर्माण इसी माह शुरू हो जायेगा। कंझारी में भी गौशाला बनाने के लिए 30 लाख रुपये का बजट मंजूर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पचनद को पर्यटक स्थल के रूप में संवारा जा रहा है। इसके लिए घोषित बजट जल्द ही मिल जायेगा।
सम्मेलन में रामपुरा के नगर पंचायत अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, माधौगढ़ के राजकिशोर गुप्ता, दिवाकर शास्त्री और शत्रुघन सिंह ने भी विचार प्रकट किये। संचालन महेश पतराही ने किया।






Leave a comment