
उरई। गांव के विकास में प्रधान की भूमिका कितनी कारगर होती है यह बात कुठौंद विकासखण्ड की ग्राम पंचायत कुरेपुरा कनार के प्रधान ने साबित कर दी । उन्होंने न सिर्फ गांव के पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कराया है बल्कि गांव में विकास कार्य कराकर ग्रामीणों को काफी हद तक मूलभूत समस्याओं से छुटकारा दिलवाया है।
एक तरफ जहां सरकार ग्रामीणों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है वहीं आज भी कई गांव ऐसे हैं जहां लोगों को मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है लेकिन ग्राम पंचायत कुरेपुर कनार में प्रधान सुनीता देवी की मेहनत का ही नतीजा है कि जहां ग्रामीणों को मूलभूत समस्याओं से काफी हद तक छुटकारा मिला है। वहीं पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिलने लगा है जिसका नतीजा है कि गांव में लगभग हर घर में जहां शौचालय बना है वहीं पात्र व्यक्तियों को आवास भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो गई है तो मच्छर मारने की दवा का भी छिडक़ाव समय पर किया जाता है जिससे संक्रामक रोगों का खतरा भी कम हुआ है। प्रधान सुनीता देवी ने बताया कि उनका उद्देश्य है कि गांव के बाशिंदों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए वह अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करते हैं। गांव में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था आदि को लेकर ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था लेकिन सचिव विनय कुमार स्वर्णकार से मिले सहयोग की बदौलत वह ग्रामीणों की समस्याओं का काफी हद तक कम करने में सफल हुए हैं। उनका आगे भी प्रयास रहेगा कि गांव में जितना विकास कार्य कराया जा सकता है वह कराएंगे।






Leave a comment