उरई। कैलिया थाना क्षेत्र में अषाढ़ माह की पूजा के लिए जा रहा ट्रैक्टर रविवार को अनियंत्रित होकर बेतवा नहर में पलट गया जिससे ड्राइवर समेत चार लोगों की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली में एक ही परिवार के 18 लोग सवार थे। चार और लोगों का हालत गंभीर होने के कारण सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लोहागढ़ थाना समथर जिला झांसी के निवासी एक ही परिवार के लोग ट्रैक्टर-ट्राली से अपने पैतृक गांव धौरपुर अषाढ़ माह में होने वाले कालका पूजन के लिए जा रहे थे। ग्राम कुदइया के पास तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर बेतवा नहर में पलट गई। जिससे ड्राइवर दिनेश कुमार जाटव (18वर्ष) पुत्र हरदास, मालती देवी (30वर्ष) पत्नी दिनेश कुमार, छाया (40 वर्ष) पत्नी अरविंद, वैष्णवी (7वर्ष) पुत्री वीरेंद्र कुमार की डूबकर मौत हो गई।
ट्रैक्टर-ट्राली नदी में गिरती देख आसपास मौजूद लोग बचाव के लिए दौड़े। कुदइया के लोग भी नहर में डूब रहे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंच गये। इसी बीच पुलिस को भी सूचना दे दी गई। कैलिया और नदीगांव दोनों थानों की पुलिस बचाव कार्य के लिए मौके पर पहंुची। 108 नंबर पर फोन कर दिया गया जिससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच की एंबुलेंस घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए जा पहुंची।
कई लोगों को प्रारंभिक चिकित्सा के बाद अस्पताल से छुटटी दे दी गई। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण फूलारानी (55वर्ष) पत्नी हरदास, पुष्पा देवी (42वर्ष) पत्नी रामप्रताप, श्रियम (12) पुत्री रामप्रताप और विवेक पुत्र रामप्रताप अस्पताल में भर्ती हैं।






Leave a comment