उरई। एक वर्ष पहले ट्रैक्टर से कुचलकर हुई मौत के मामले में दबंग की हेकड़ी से निपटने के लिए कई थानों का फोर्स उसके घर जब पहुंचा तब उसका ट्रैक्टर जब्त हो सका।
एक वर्ष पहले कुठौंद थाने के मड़ोरा गांव में संजय सिंह पुत्र लाल सिंह सेंगर के ट्रैक्टर से गौरव तथा उसके भांजे प्रद्युम्न कुचल गये थे। जिसमें प्रद्युम्न की बाद में मौत हो गई थी। इस मामले की जांच पूरी करने के लिए पुलिस को संजय सिंह के ट्रैक्टर की जरूरत थी। लेकिन उसने गुस्ताखी की सारी सीमाएं तोड़ रखी थीं। पुलिस उसके घर ट्रैक्टर लेने पहुंची तो उसने पुलिस पार्टी पर हमला करने का प्रयास किया।
पानी सिर से ऊपर निकल जाने के बाद रविवार को कुठौंद के थानाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी अपने थाने के अलावा गोहन, जालौन, माधौगढ़ थानों का फोर्स और पीएसी को साथ लेकर उसके घर चढ़ाई करने पहुंच गये। पुलिस की इस तैयारी की जानकारी मिलते ही संजय सिंह सारी हेकड़ी भूल गया और भीगीं बिल्ली की तरह घर से निकल भागा।
बाद में सुनील कुमार तिवारी ने जेसीबी से ट्रैक्टर खिचवाकर थाने पहुंचाया। पहले तो गांव में पुलिस के इतने भीषण जमावड़े को देखकर लोग सहमे रहे लेकिन बाद में जब उन्हें पूरी बात पता चली तो उन्होंने राहत की सास ली।

Leave a comment