उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र के बिचौली स्थित जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापकों की नियुक्ति के मामले में पेंच फंस गया है। 22 जुलाई को इन नियुक्तियों के लिए इंटरव्यू की तारीख तय की गई थी लेकिन मामला जांच में फंस जाने से यह तिथि प्रबंधक को निरस्त करनी पड़ी।
बताया गया है कि उक्त संस्था के उपाध्यक्ष भारत सिंह, उप प्रबंधक जगदीश सिंह लेखा निरीक्षक राजेश कुमार, संयोजक रामबाबू शास्त्री और सदस्य सुरेंद्र कुमार ने सहायक रजिस्ट्रार झांसी से शिकायत की थी कि वे संस्था के निर्विवाद पदाधिकारी है और साधारण सभा के बहुमत से चयनित हैं। उनके फर्जी हस्ताक्षर बनाकर प्रबंधक अनिल कुमार ने तीन सहायक अध्यापकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिया जो कि अवैध है।
उन्होंने शिकायत में बताया कि अनिल कुमार ने न तो कोई ऐसा एजेंडा निकाला जिसमें नियुक्ति के लिए विचार की चर्चा की गई हो और न ही बैठक की गई। इसलिए यह नियुक्तियां रोकी जायें। सहायक रजिस्ट्रार झांसी ने यह शिकायत जिला बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश कुमार शाही को संदर्भित कर दी।
बीएसए ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षाधिकारी कुठौंद आनंद भूषण से जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। शनिवार को आनंद भूषण ने जांच की और पूरी जानकारी ली। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों से भी बात की बाद में उन्होंने कहा कि वे अपनी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को सौपेगें। सूत्रों की माने तो इसके लिए आवेदकों से मोटी रकम वसूली जा रही है। पिछली बार भी औरैये जिले के रहने वाले उत्कर्ष अवस्थी से नियुक्ति के लिए 24 लाख रुपये लिए जाने की चर्चा हुई। हालांकि बाद में नियुक्ति निरस्त कर दी गई थी।

Leave a comment