उरई। बुधवार की शाम राजकीय मेडिकल कालेज में फिर बबाल हो गया। कुछ लोग एक बैगनआर गाड़ी से मेडिकल कालेज की स्कूटी से जा रही छात्रा का काफी दूर से पीछा कर रहे थे। इस बीच छात्रा ने कालेज के भीतर जाकर अपने फैकल्टी और सहपाठियों को बताया तो उनके तेवर उग्र हो गये। उधर छात्रा का पीछा कर रही बैगनआर भी कालेज परिसर में पहुंच गयी। जूनियर डाक्टरों ने उसमें बैठे लोगों को बाहर खीचा तो उसमें एक युवक अपने को पुलिस का बताकर उन्हें धौंस देने लगा। इसके बाद जूनियर डाक्टरों ने उसकी साथियों समेत जमकर पिटाई की। खबर पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बैगनआर के भीतर बीयर की कई कैन पड़ी हुई थी। जिससे लगता है कि उसमें बैठे सारे लोग बुरी तरह नशे में धुत थे। खबर मिली है कि इनमें बाहर के किसी जनपद में तैनात पुलिस का कोई सिपाही भी था। पुलिस बैगनआर और उसमें बैठे सभी लोगों को कोतवाली ले आई है। उधर जूनियर डाक्टरों में घटना को लेकर अभी भी भारी उत्तेजना देखी जा रही है।

Leave a comment