उरई। स्कूटी से जा रही मेडिकल कालेज की छात्रा का नशे की हालत में पीछा कर रहे कार में सवार पाँच लोगों का पुलिस ने शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया । गिरफ्तार लोगों में पुलिस का एक सिपाही भी है जो जिले का ही रहने वाला है लेकिन किसी गैर जनपद में तैनात है ।
बुद्धवार की शाम स्थानीय राजकीय मेडिकल कालेज की छात्रा स्कूटी से जा रही थी तभी एक कार में सवार कुछ लोग बेहूदा ढंग से हरकते करते हुए उसका पीछा करने लगे । हड़बड़ायी छात्रा किसी तरह कालेज पहुँच कर कैंपस में घुस गई तो वे लोग भी कार से पीछे- पीछे आ गए । इस बीच छात्रा ने जल्दी से अपने सहपाठियों को बताया तो जूनियर डाक्टरों की भीड़ ने कार सवारों को घेर लिया । बात तब और बिगड़ गई जब कार में बैठा एक युवक अपने को पुलिस का आदमी बता कर जूनियर डाक्टरों पर धौंस जमाने की कोशिश करने लगा । इस पर जूनियर डाक्टरों ने उन्हें कार से बाहर खींचना शुरू कर दिया ।
इसी बीच खबर पा कर कोतवाली पुलिस भी मौके पर आ गई और उसने किसी तरह स्थिति को सम्हाला । कार के भीतर खोल कर देखा गया तो उसमें बीयर की कई खाली कैन पड़ी हुई थी । कार में बैठे सिपाही समेत पाँचों लोगों को पुलिस कोतवाली ले आई । शांति भंग की आशंका में इनका चालान कर दिया गया ।
पकड़े गए युवकों के नाम योगेश भास्कर पुत्र श्याम लाल भास्कर निवासी मोहल्ला चुरखी बाइपास -2, सोनू कुमार पुत्र हरदास , रवि कुमार , चंद्रशेखर और कमलेश कुमार बताये गए हैं । योगेश के पास से पुलिस का उसका परिचय पत्र बरामद हुआ है ।






Leave a comment