उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में बुधवार को महीने में चैथी बार जालौन-औरैया मार्ग पर आलमपुर में जाम लग गया जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बालू से भरा डम्फर जब यहां से गुजर रहा था तभी उसका एक्सल टूट गया जिससे उसके खड़े हो जाने के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। यहां बार-बार जाम लगने के बावजूद प्रशासन को सबक नही ले रहा है।
सुबह-सुबह लगे इस जाम के कारण स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा समस्या का सामना करना पड़ा। स्कूली वाहन रास्ता अवरुद्ध होने की वजह से जब निकलने में असमर्थ रहे तो उन्होंने बच्चों को घर वापस पहुंचा दिया। ग्रामीणों में यहां जाम की समस्या के निदान को लेकर अधिकारियों की उदासीनता पर असंतोष गहरा रहा है।
गौरतलब है कि जालौन-औरैया मार्ग प्रमुखतम प्रांतीय मार्ग है जो दिन भर वाहनों के आवागमन की वजह से बेहद व्यस्त रहता है। इसके अलावा इस रोड की हालत भी कई जगह खस्ता है। होना तो यह चाहिए कि यहां यातायात सुचारू रखने के लिए अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें। लेकिन गैर जिम्मेदारी की इंतहा की वजह से उन्हें इसकी कोई परवाह नही है। जिससे जन असंतोष कभी भी ज्वालामुखी के रूप में फटने के आसार बनते जा रहे हैं।






Leave a comment