
- ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सतोह के पास आई बाधा
कोंच-। बुधवार की दोपहर ट्रेन का बड़ा हादसा होने से बच गया। शटल ट्रेन कोंच से एट जा रही थी तभी ग्राम सतोह के पास बारिश के कारण रेल पटरियों के नीचे की मिट्टी धंसक जाने से ट्रैक में गड़बड़ी आ गई लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। ड्राइवर ने तत्काल ब्रेक लगा दिये। अपने निर्धारित समय से लगभ्ज्ञग पौन घंटे देरी से ट्रेन तब एट पहुंच सकी जब मजदूरों ने क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त किया।
बुधवार को दोपहर लगभग 2.25 बजे कोंच-एट शटल ट्रेन कोंच से एट के लिये रवाना हुई थी। जब गाड़ी चली तब यहां धुंवाधार बारिश हो रही थी जिसका नतीजा यह रहा कि ग्राम सतोह के पास रेल पटरी के नीचे की मिट्टी और गिट्टी धंस गई जिससे रेल पटरियां हवा में टंग गईं। इसी बीच शटल वहां पहुंची लेकिन ड्राइवर अनुपम जैन ने खतरा भांप कर इंजिन के ब्रेक लगा दिये जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रेन वहां लगभग पैंतालीस मिनट रुकी रही। बाद में जब मजदूरों ने आकर धंसक गई जगह में गिट्टी और मिट्टी भरी तब कहीं जाकर ट्रेन अपने गंतव्य को जा सकी। स्टेशन मास्टर एट पीके निरंजन ने बताया कि ट्रेन निर्धारित समय से लगभग पौन घंटे देरी से एट पहुंची और किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।






Leave a comment