उरई। आनर किलिंग के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को रेढ़र पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके परिवार के घटना में संलिप्त तीन सदस्य पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके थे। लेकिन एक महीने से यह आरोपी पुलिस के हत्थे नही चढ़ पा रहा था। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक बुलेरो गाड़ी भी जब्त की गई है। जिसे मारी गई युवती का शव नदी में फेंकने में इस्तेमाल किया गया था।
बताया गया है कि गत 17 जून को चारित्रिक कारणों से रेढ़र थाने के ग्राम सुलखना में एक युवती की हत्या उसी के परिवार वालों ने करके उसे नदी में फेंक दिया था। घरेलू मामला होने की वजह से कई दिनों तक यह वारदात छुपी रही। लेकिन बाद में युवती का शव बरामद होने के उपरांत 28 जून को इस मामले में हत्या का मुकदमा अन्य धाराओं के साथ दर्ज कर लिया गया।
इस प्रकरण में उपेंद्र राघवेंद्र और सत्येंद्र को तत्काल ही गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन एक अन्य आरोपी रामअवतार उर्फ रामू पुलिस के शिकंजे से दूर रहा। जिसकी तलाश बराबर की जा रही थी। लेकिन वह पुलिस के कब्जे में नही आ पा रहा था। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के कड़े निर्देशों के बाद शुक्रवार को रेढ़र पुलिस ने अंततोगत्वा इसे परावर मोड़ पर दबोच लिया। इसकी बुलेरो गाड़ी यूपी 92 बी 8520 भी पुलिस ने जब्त कर ली। जिसके बारे में पुलिस के मुताबिक कहा गया है कि मारी गई युवती का शव इसी पर लादकर नदी में फेकने के लिए ले जाया गया था।

Leave a comment