उरई। बुंदेलखंड के चर्चित शराब तस्कर को उसके एक साथी के साथ शुक्रवार को कालपी पुलिस ने कार में जाते समय दबोच लिया। कार की तलाशी में छह पेटी देशी शराब, खाली शीशियां, ढक्कन व रेपर मिले हैं।
प्राप्त समाचार के अनुसार कालपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्र को शुक्रवार को फरार चल रहे शराब तस्कर राकेश शिवहरे निवासी मोहल्ला खण्डेराव कस्बा जालौन के उनके क्षेत्र से गुजरने की सूचना मिली। इस पर उन्होंने मुखबिर के बताये स्थान पर आलमपुर बाईपास के पास उप निरीक्षक मनोज कुमार व अन्य फोर्स के साथ घेराबंदी कर ली।
जैसे ही राकेश शिवहरे की कार वहां से गुजरी उन्होंने उसे कोई मौका दिये बिना रोक लिया। उसकी कार में शराब का उक्त जखीरा मिला। साथ में कालपी का ही निवासी कल्लू उर्फ विशम्भर यादव भी पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि राकेश शिवहरे के खिलाफ जनपद में एक दर्जन से अधिक मुकदमें शराब तस्करी व अन्य धाराओं में दर्ज हैं। सन 2012 में उसके खिलाफ औरैया में हत्या का भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था। इन दिनों राकेश शिवहरे मध्य प्रदेश के हरपालपुर थाने में दर्ज एक मुकदमें में फरार चल रहा था। उसके साथ पकड़े गये कल्लू के खिलाफ भी शराब तस्करी के आधा दर्जन मामले चल रहे हैं। कालपी पुलिस ने कार को सीज कर दोनों का चालान 60 एक्साइज एक्ट, 420 आईपीसी व कापी राइट एक्ट के तहत कर दिया है। यह जानकारी कालपी के उपाधीक्षक पुलिस सुबोध गौतम ने दी।

Leave a comment