उरई। शुक्रवार को बकरी चरा रहे दो बालक मिटटी की खुदाई की वजह से बने गहरे गडढे में भरे पानी में फिसलकर गिर गये। जिसमें से एक बालक की डूबकर मौत हो गई। जबकि दूसरे को आसपास के लोगों ने बचा लिया।
रामपुरा थाने की ऊमरी नगर पंचायत में कस्बे के बाहर लोगों ने घर की लिपाई-पुताई के लिए एक जगह मिटटी खोदी थी। जिससे गहरा गडढा हो गया था। हाल में हुई बारिश में यह गडढा पानी से भरा हुआ था। इसी दौरान योगेंद्र प्रताप सिंह (12वर्ष) पुत्र कुंवर सिंह और सुमित (14वर्ष) पुत्र बाबी सिंह बकरियां चराते हुए उधर से गुजरे और फिसलकर गडढे में जा गिरे।
उनके चिल्लाने पर जब तक लोग बचाने के लिए दौड़े तब तक योगेंद्र की पेट में पानी भर जाने से मौत हो चुकी थी। सुमित को किसी तरह बचाकर बाहर निकाल लिया गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। योगेंद्र के पिता की भी तीन साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। उसका एक और बड़ा भाई है। उसकी मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में मातम फैल गया।






Leave a comment