उरई। डीवी डिग्री कालेज में शनिवार को दोपहर बाद प्रवेश की समस्या को लेकर छात्र भड़क गये जिससे बबाल हो गया। खबर मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी कालेज पहुंचे। उन्होंने कालेज प्रबंधन, प्रशासन और छात्र नेताओं से सीधी वार्ता कर समाधान का फार्मूला निकाला जिसके बाद मामला शांत हो गया।
डिग्री कालेज में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। जिसके लिए 31 अगस्त आन लाइन आवेदन की अंतिम तिथि तय की गई है। डीवी डिग्री कालेज में अभी पर्याप्त सीटे खाली हैं। इसके बावजूद विश्व विद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन का आप्शन क्लोज कर दिया।
इससे आज छात्र भड़क गये। उनका कहना था कि एक तो बीएससी में सीटे बढ़ाने के उनकी मांग नही मानी गई। दूसरी समय से पहले प्रवेश के लिए आवेदन रोके जा रहे हैं। इसे बर्दाश्त नही किया जा सकता। छात्रों का गुस्सा उपद्रव की शक्ल अख्तियार करने लगा। नारेबाजी के बाद नौबत तोड़फोड़ पर जा पहुंची तो कालेज प्रशासन ने अधिकारियों को फोन किये।
इसके बाद आनन-फानन सिटी मजिस्ट्रेट पूनम निगम और सीओ सिटी संतोष कुमार भारी फोर्स के साथ कालेज पहुंच गये। उन्होंने उद्वेलित छात्रों को बातचीत के लिए आमंत्रित कर शांत किया। प्राचार्य कक्ष में कालेज प्रशासन, प्रबंधन और छात्र नेताओं के बीच अधिकारियों की उपस्थिति में बात हुई जिसमें छात्रों ने अपनी समस्या रखी।
तत्काल समाधान के लिए सिटी मजिस्ट्रेट पूनम निगम ने छात्रों के सामने ही झांसी के सिटी मजिस्ट्रेट से फोन पर बात की। जो इस समय विश्व विद्यालय के कुल सचिव का भी दायित्व भी देख रहे हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन के आग्रह पर आनलाइन प्रवेश आवेदन के लिए विश्व विद्यालय की वेबसाइट फिर खोलने का आग्रह मान लिया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट पूनम निगम ने महाविद्यालय प्रशासन से कहा कि वह सीटें बढ़ाने के लिए अपने पत्र के साथ पांच छात्र नेताओं का प्रतिनिधि मंडल विश्व विद्यालय भिजवायें संभव है कि इसका सकारात्मक परिणाम निकले। अगर फिर भी गतिरोध रहता है तो आगे कोई रास्ता निकाला जायेगा। सिटी मजिस्ट्रेट की इस कार्रवाई पर छात्र नेताओं ने संतोष व्यक्त किया और बबाल खत्म हो गया।






Leave a comment