उरई। वृद्धजनों की सूझबूझ से एक छात्रा शोहदों का शिकार होने से बच गई। आजकल अराजकतत्वों का गढ़ बनते जा रहे माहिल तालाब परिसर के अंदर स्कूटी सवार कुछ युवकों ने उसे खींचने का प्रयास किया तभी उसके शोर मचाने पर वहां पर मार्निंग वाक के लिए आए वृद्धजनों ने शोहदों को ललकारते हुए उन पर पत्थर बरसा दिए जिसके बाद वह भाग खड़े हुए। हालांकि छात्रा ने पुलिस में जाने की बजाय घर जाना बेहतर समझा।
नगर के बीचोंबीच बना माहिल तालाब अब शोहदों, शराबियों व अराजकतत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। सुबह से शाम तक यहां समाज विरोधी तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है जिस कारण अब सुबह-शाम यहां टहलने आने वाले संभ्रांत जन दिक्कत महसूस करने लगे हैं। मामा माहिल की नगरी के रूप में पहचान रखने वाले उरई नगर के बीचोंबीच स्थित माहिल तालाब का कई बार सुंदरीकरण कराकर इसे सुबह-शाम शुद्ध हवा लेने और व्यायाम आदि के लिए आने वाले लोगों के लिए विकसित किया गया लेकिन अब यह अराजकतत्वों का गढ़ बनता जा रहा है। शराबियों से लेकर शोहदों तक का यहां सुबह से ही आना शुरू हो जाता है जो यहां न सिर्फ अनुचित क्रियाकलापों में लिप्त रहते हैं बल्कि आसपास के लोगों के लिए परेशानी का सबब भी बनने लगे हैं। शोहदों व नशेडिय़ों की हरकतों के कारण सुबह-शाम टहलने या व्यायाम करने के इरादे से यहां आने वाले लोगों की सं या भी अब घटने लगी है। कई बार उक्त अराजकतत्व संभ्रांत लोगों से भिड़ जाते हैं और अभद्रता तक करने लगते हैं। ऐसे में अगर यह कोई आपराधिक घटना को भी अंजाम दे दें तो कोई बड़ी बात नहीं होगी। गौरतलब है कि माहिल तालाब के पास ही आर्यकन्या इंटर कालेज व डीएवी सहित कुछ कोचिंग भी संचालित होती हैं जिस कारण दिनभर यहां छात्राओं का आना-जाना लगा रहता है। फिर भी अराजकतत्वों के यहां जमावड़े पर अंकुश न लगने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

इनसेट–
कहां गुम हुआ एंटी रोमियो दल
प्रदेश में भाजपा सरकार काबिज होने के बाद बनाया गया एंटी रोमियो दल भी अब शायद गुम हो गया है। नगर में कुछ दिनों हलचल मचाने के बाद उक्त दल की गतिविधियां ठप पड़ी हैं जिस कारण शोहदों के हौसले भी बुलंद होने लगे हैं। माहिल तालाब ही नहीं नगर के रामकुंड के अलावा भी कुछ स्थानों पर इनका जमावड़ा लगा रहता है जो युवतियों के लिए सिरदर्द बन जाते हैं।

 

Leave a comment