उरई। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन, ऊर्जा और प्रोटोकोल राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने छात्रों से कहा कि वे बाबा साहब अंबेडकर, पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनके आदर्शों को आत्मसात करके ईमानदारी की राह चुने तो न केवल उनके अरमान सफल होगें बल्कि अपने क्षेत्र में उन्हें शिखर तक पहुंचने में कामयाबी हासिल होगी।
जालौन रोड स्थित जमुना पैलेसे में हाईस्कूल, इंटर मीडिएट और ग्रेजुएट कक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अनुसूचित वर्ग के छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने नई पीढ़ी को अभिमान रहित स्वभाव को अपनाकर कर्मनिष्ठ रहने की नसीहत दी। उन्होंने इसे जीवन में सफलता का मूल मंत्र बताया।
कार्यक्रम का आयोजन दलित समाज सुधार समिति और दलित फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से किया था। मुख्य आयोजक और जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि जय प्रकाश गौतम ने कार्यक्रम की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। संचालन रेडक्रास समिति के सचिव युद्धवीर कंथरिया ने किया।
कार्यक्रम को कालपी क्षेत्र के विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन, माधौगढ क्षेत्र के विधायक मूलचंद्र निरंजन, भारतीय जनता युवा मोर्चा के बुंदेलखंड प्रभारी अविनाश चैहान, पूर्व आईआरएस शंभु दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि देवेंद्र निरंजन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में लगभग 400 छात्रा-छात्राओं को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक जीएस वर्मा, जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पांडे डग्गू, भारतीय जनता युवा मोर्चा की बुंदेलखंड कानपुर क्षेत्र समिति के मंत्री अग्निवेश चतुर्वेदी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री प्रशांत द्विवेदी आदि विशिष्टजन भी उपस्थित रहे।






Leave a comment